Monday, February 15, 2021

 महाकवि पं. सूर्यकांत त्रिपाठी 'निराला' की जयंती ( वसंत पंचमी 1896 ) पर उनका भावपूर्ण स्मरण एवं सादर शत-शत नमन।


प्रस्तुत है इस अवसर पर उनकी एक प्रसिद्ध रचना-
वर दे, वीणावादिनी वर दे!
प्रिय स्वतंत्र- रव अमृत-मंत्र नव
भारत में भर दे!
काट अंध्-उर के बंधन-स्तर
बहा जननि, ज्योतिर्मय निर्झर
कलुष-भेद-तम हर प्रकाश भर
जगमग जग कर दे!
नव गति, नव लय, ताल-छंद नव
नवल कंठ, नव जलद-मन्द्र रव
नव नभ के नव विहग-वृंद को
नव पर, नव स्वर दे!
वर दे, वीणावादिनी वर दे।
--- महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी निराला

Monday, February 1, 2021

संकल्प की बुनियाद पर

अग्नि-झंझा क्यों हो भला हावी किसी प्रहलाद पर !
भाव जिसके खड़े हों संकल्प की बुनियाद पर !!
घास की रोटी चबाकर दृढ़ रहे जो कर्मपथ पर
आकर विजय गिरती सदा उसके चरण पर झूमकर
इन्द्रपद का लोभ भी क़ुर्बान उस आबाद पर
भाव जिसके खड़े हों संकल्प की बुनियाद पर !!
जिसके लिए इस सृष्टि का कण कण उसी का रूप है
वही सुन्दर सत्य है अरु वही सच्चा भूप है
बिजलियाँ बेकार सी हैं उस हृदय-प्रासाद पर
भाव जिसके खड़े हों संकल्प की बुनियाद पर !!
जो प्रेय में भी श्रेय का सुमिरन सदा करता रहे
उसके हृदय आनंद का झरना सदा बहता रहे
गुजर सकती पीर की आंधी क्या उस अह्लाद पर
भाव जिसके खड़े हों संकल्प की बुनियाद पर !!
जिससे किसी को डर नहीं उसको किसी का डर नहीं
विश्व जिसका नीड़ हो, कोई भवन जिसका घर नहीं
बेड़ियां सज़दे करेंगी उस प्रखर आज़ाद पर
भाव जिसके खड़े हों संकल्प की बुनियाद पर !!
----- सर्वेश त्रिपाठी
प्रसिद्ध साहित्यकार सर्वेश त्रिपाठी जी की अत्यधिक प्रेरणादायक रचना जो मुझे बहुत अच्छी लगी।




Sunday, December 27, 2020


अच्छा बनने का कोई इरादा नहीं

हम बुरे हैं अगर तो बुरे ही भले
अच्छा बनने का कोई इरादा नहीं
साथ लिखा है तो साथ निभ जायेगा
अब निभाने का कोई वादा नहीं
क्या सही, क्या गलत, सोच का फ़ेर है
एक नजरिया है जो बदलता भी है
एक सिक्के के दो पहलुओ की तरह
फ़र्क सच या झूठ में ज्यादा नहीं
रुह का रुख इधर, जिस्म का रुख उधर
अब ये दोनो मिले तो किस तरह
रुह से जिस्म तक, जिस्म से रुह तक
रास्ता एक भी सीधा सादा नही
कुछ भी समझे, समझता रहे ये जहां
अपने जीने का अपना ही अन्दाज है
हम भले या बुरॆ जो भी है, वो ही है
हमने ओढा है कोई लबादा नहीं
जिंदगी अब तू ही कर कोई फैसला
अपनी शर्तो पर जीने की क्या है सजा
तेरे हर रुप को हौसले से जिया
पर कभी बोझ सा तुझको लादा नहीं
हम बुरे हैं अगर तो बुरे ही भले
अच्छा बनने का कोई इरादा नहीं
---- दीप्ति मिश्रा

Friday, April 10, 2020

बड़ा पागलखाना : खलील जिब्रान

पागलखाने के बगीचे में मेरी उस नवयुवक से मुलाकात
हुई। उसका सुंदर चेहरा पीला पड़ गया था और उस पर आश्चर्य के भाव थे।
उसकी बगल में बैंच पर बैठते हुए मैंने पूछा, ‘‘आप यहाँ कैसे आए?’’
उसने मेरी ओर हैरत भरी नज़रों से देखा और
कहा,‘‘अजीब सवाल है, खैर….उत्तर देने का प्रयास करता हूँ। मेरे पिता और चाचा मुझे बिल्कुल अपने जैसा देखना चाहते हैं, माँ मुझे अपने प्रसिद्ध पिता जैसा बनाना चाहती है, मेरी बहन अपने नाविक पति के समुद्री कारनामों का जिक्र करते हुए मुझे उस जैसा देखना चाहती है, मेरे भाई के अनुसार मुझे उस
जैसा खिलाड़ी होना चाहिए। यही नहीं….मेरे
तमाम शिक्षक मुझमें अपनी छवि देखना चाहते हैं।
….इसीलिए मुझे यहाँ आना पड़ा। यहाँ मैं प्रसन्नचित्त हूँ….कम से कम मेरा अपना व्यक्तित्व तो जीवित है।’’
अचानक उसने मेरी ओर देखते हुए पूछा, ‘‘लेकिन यह तो बताइए….क्या आपकी शिक्षा और बुद्धि आपको यहाँ ले आई?’’
मैंने कहा, ‘‘नहीं, मैं तो यूँ ही….मुलाकाती के तौर पर आया हूँ।’’
तब वह बोला, ‘‘अच्छा….तो आप उनमें से हैं ; जो इस चाहरदीवारी के बाहर पागलखाने में रहते हैं।’’

                ---- खलील जिब्रान

                                      ( अनुवाद: सुकेश साहनी)

Monday, December 2, 2019


-#- सुप्रभात -#-·
अपने पौरूष से आसमान झुका सकते हैं ;
मरूस्थलों में फूल मन के खिला सकते हैं |
बैसाखियॉ भाग्य की लेकर नहीं चलने वाले-
महल आशाओं के हाथों पर सजा सकते हैं ||
        
                  ----- कौशल किशोर वर्मा