Monday, December 30, 2013

नए वर्ष में...



         नए वर्ष में...


नए वर्ष में अब निराशा नहीं हो

युवा-स्वप्न हरती हताशा नहीं हो

जो दिलों बीच खाई को चौड़ा करे

ऐसी सियासत की भाषा नहीं हो

चुनावों में अबकी वहीं पर विजय हो

जहाँ 'लोक' का भय, वचन में विनय हो

नियम के लिए मानसम्मान मन में

कहीं बाहुबल का तमाशा नहीं हो


कोई साँस कम्पित ठिठुरती हुई सी

खुले आसमां में सिकुडती हुई सी

रुके हारकर और रोये गगन भी

इतना सड़क पर कुहासा नहीं हो

कोई सत्य को क्षीण दुर्बल न समझे

इसे छोड़ना हार का हल न समझे

ईमान रखकर बढ़े कर्मपथ पर

बुरे कर्म से जय की आशा नहीं हो

बहे हर नदी जमके लहरें उठाती


तटों से मगर दोस्ती हो निभाती

ह्रदय जी उठे शुभ्र 'भागीरथी' सा

कोई भी नदी 'कर्मनाशा' नहीं हो

नए वर्ष में अब हताशा नहीं हो


युवा-स्वप्न हरती निराशा नहीं हो
         
                
                   ............. संस्कृता मिश्रा 

Friday, December 27, 2013

माँ-बाप से है न कोई बड़ा---- डॉ. विष्णु सक्सैना


माँ-बाप से है न कोई बड़ा


एक दिन फूल से तितलियों ने कहा ,

कैसे रहते हो तुम खुश हरेक हाल में ।

फूल बोला कि खुश्बू लुटाता हूँ मैं , 

जब कि रहता हूँ काँटों के जँजाल में ॥

प्यार जिससे करो डूब करके करो, 

एक न एक दिन तुम्हें यार मिल जायेगा,

खिड़कियाँ, झिडकियां, सिसकियाँ, 

हिचकियाँ सारे सपनों का संसार मिल जायेगा,

एक दिन पेड़ से पँछियों ने कहा-

कैसे रहते हो तुम खुश हरेक हाल में।

पेड़ बोला- कि मिलता मुझे इसमें सुख –

बाँट देता हूँ जो फल लगें डाल में ॥ 

प्यार करना यहाँ जितना आसान है, 

उतना मुश्किल निभाना है इस दौर में, 

और निभ भी न पाये तो कोशिश करो, 

ना पडे गाँठ इस प्यार की डोर में,

एक दिन हौंठ से आँख ने ये कहा- 

मुस्करा कैसे लेते हो हर हाल में ।

हौंठ बोले-है कोशिश किसी आँख से 

कोई आंसू न आये नये साल में ॥ 

ज़िन्दगी उसकी बे रँग हो जायेगी, 

रँग फूलों से जिसने चुराया नहीं, 

वो रहेगा सुखी जिसने मेहमान का 

अपने घर में कभी दिल दुखाया नहीं,

एक दिन मैंने मन्दिर में पूछा – 

प्रभो, आप से भी बड़ा कौन कलि काल में ।

बोले-माँ-बाप से है न कोई बड़ा , 

सब चढा दो वहाँ जो रखा थाल में ॥


                  -
----- डॉ. विष्णु सक्सैना

Tuesday, December 24, 2013

अच्छा बनने का कोई इरादा नहीं

अच्छा बनने का कोई इरादा नहीं


हम बुरे हैं अगर तो बुरे ही भले
अच्छा बनने का कोई इरादा नहीं
साथ लिखा है तो साथ निभ जायेगा
अब निभाने का कोई वादा नहीं

क्या सही, क्या गलत,  सोच का फ़ेर है
एक नजरिया है जो बदलता भी है
एक सिक्के के दो पहलुओ की तरह
फ़र्क सच या झूठ में ज्यादा नहीं

रुह का रुख इधर, जिस्म का रुख उधर
अब ये दोनो मिले तो किस तरह
रुह से जिस्म तक, जिस्म से रुह तक
रास्ता एक भी सीधा सादा नही

कुछ भी समझे, समझता रहे ये जहां 
अपने जीने का अपना ही अन्दाज है
हम भले या बुरॆ जो भी है, वो ही है
हमने ओढा है कोई  लबादा नहीं 

जिंदगी अब तू ही कर कोई फैसला
अपनी शर्तो पर जीने की क्या है सजा
तेरे हर रुप को हौसले से जिया 
पर कभी बोझ सा तुझको लादा नहीं
हम बुरे हैं अगर तो बुरे ही भले
अच्छा बनने का कोई इरादा नहीं

      -------दीप्ति मिश्रा

Monday, December 23, 2013

How to keep your spark alive ? कैसे जलाये रखें अपने अन्दर की चिंगारी को ?


How to keep your spark alive ?


कैसे जलाये रखें अपने अन्दर की चिंगारी को ?




मैं आपके साथ मशहूर लेखक Chetan Bhagat (चेतन भगत) द्वारा दी गयी एक बेहद Inspirational Speech Hindi में share कर रहा हूँ . यह भाषण उन्होंने Symbiosis BBA Programme 2008 के students के समक्ष दिया था.

How to keep your spark alive ?

कैसे जलाये रखें अपने अन्दर की चिंगारी को ?


Good Morning everyone , मुझे यहाँ बोलने का मौका देने के लिए आप सभी का धन्यवाद . ये दिन आपके बारे में है . आप , जो कि अपने घर के आराम ( और कुछ cases में दिक्कतों ) को छोड़ के इस college में आए हैं ताकि ज़िन्दगी में आप कुछ बन सकें . मैं sure हूँ कि आप excited हैं . ज़िन्दगी में ऐसे कुछ ही दिन होते हैं जब इंसान सच -मुच बहुत खुश होता है . College का पहला दिन उन्ही में से एक है .जब आज आप तैयार हो रहे थे , आपके पेट में हलचल सी हुई होगी . Auditorium कैसा होगा , teachers कैसे होंगे , मेरे नए classmates कौन होंगे —इतना कुछ है curious होने के लिए . . मैं इसे excitement कहता हूँ , आपके अन्दर कि चिंगारी (spark) जो आपको एकदम जिंदादिल feel कराती है . आज मैं आपसे इस चिंगारी को जलाये रखने के बारे में बात करने आया हूँ . या दुसरे शब्दों में हम अगर हमेशा नहीं तो ज्यादा से ज्यादा समय कैसे खुश रह सकते हैं ?

इस चिंगारी कि शुरआत कहाँ से होती है ? मुझे लगता है हम इसके साथ पैदा होते हैं . मेरे 3 साल के जुड़वाँ बच्चों में million sparks हैं . वो Spiderman का एक छोटा सा खिलौना देख के बिस्तर से कूद पड़ते हैं . Park में झूला झूल के वो thrilled हो जाते हैं . पापा से एक कहानी सुनके उनमे उत्तेजना भर जाती है . अपना Birthday आने के महीनो पहले से वो उलटी गिनती करना शुरू कर देते हैं कि उस दिन cake काटने को मिलेगा .

मैं आप जैसे students को देखता हूँ और मुझे आपके अन्दर भी कुछ spark नज़र आता है . पर जब मैं और बड़े लोगों को देखता हूँ तो वो मुश्किल से ही नज़र आता है . इसका मतलब , जैसे -जैसे हमारी उम्र बढती है , spark कम होते जाते हैं . ऐसे लोग जिनमे ये चिंगारी बिलकुल ही ख़तम हो जाती है वो मायूस , लक्ष्यरहित और कडवे हो जाते हैं . Jab We met के पहले half की करीना और दुसरे half की Kareena याद है ना ? चिंगारी बुझ जाने पे यही होता है . तो भला इस Spark को बचाएँ कैसे ?

Spark को दिए की लौ की तरह imagine कीजिये . सबसे पहले उसे nurture करने ki ज़रुरत है —उसे लगातार इंधन देने की ज़रुरत है . दूसरा , उसे आन्धी -तूफ़ान से बचाने की ज़रुरत है .

Nurture करने के लिए , हमेशा लक्ष्य बनाएं .यह इंसान कि प्रवित्ति होती है कि वह कोशिश करे , सुधार लाये और जो best achieve कर सकता है उसे achieve करे . दरअसल इसी को Success कहते हैं . यह वो है जो आपके लिए संभव है . ये कोई बाहरी माप -दंड नहीं है – जैसे company द्वारा दिया गया Package, कोई car या कोई घर .

हममे से ज्यदातर लोग middle-class family से हैं . हमारे लिए , भौतिक सुख -सुविधाएं सफलता की सूचक होती हैं , और सही भी है . जब आप बड़े हो जाते हैं और पसिया रोज़ -मर्रा कि ज़रूरतों को पूरा करने के लिए ज़रूरी हो जाता है , तो ऐसे में financial freedom होना एक बड़ी achievement है .

लेकिन यह ज़िन्दगी का मकसद नहीं है . अगर ऐसा होता तो Mr. Ambani काम पर नहीं जाते . Shah Rukh Khan घर रहते और और -ज्यादा dance नहीं करते . Steve Jobs और भी अच्छा iPhone बनाने के लिए मेहनत नहीं करते , क्योंकि Pixar बेच कर already उन्हें कई billion dollars मिल चुके हैं . वो ऐसा क्यों करते हैं ? ऐसा क्या है जो हर रोज़ उन्हें काम पर ले जाता है ?

वो ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि ये उन्हें ख़ुशी देता है . वो ऐसा इसलिए करते हैं क्योंकि ये उन्हें जिंदादिली का एहसास करता है . अपने मौजूदा स्तर में सुधार लाना एक अच्छा अहसास दिलाता है . अगर आप मेहनत से पढ़ें तो आप अपनी rank सुधार सकते हैं . अगर आप लोगों से interact करने का प्रयत्न करें तो आप interview में अच्छा करेंगे . अगर आप practice करें तो आपके cricket में सुधार आएगा . शायद आप ये भी जानते हों कि आप अभी Tendulkar नहीं बन सकते , लेकिन आप अगले स्तर पर जा सकते हैं . अगले level पे जाने के लिए प्रयास करना ज़रूरी है .

प्रकृति ने हमें अनेकों genes के संयोग और विभिन्न परिस्थितियों के हिसाब से design किया है . खुश रहने के लिए हमें इसे accept करना होगा , और प्रकृति कि इस design का अधिक से अधिक लाभ उठाना होगा . ऐसा करने में Goals आपकी मदद करेंगे .

अपने लिए सिर्फ career या academic goals ही ना बनाएं . ऐसे goals बनाएं जो आपको एक balanced और successful life दे . अपने break-up के दिन promotion पाने का कोई मतलब नहीं है . कार चलाने में कोई मज़ा नहीं है अगर आपके पीठ में दर्द हो .दिमाग tension से भरा हो तो भला shopping करने में क्या ख़ुशी होगी ?

आपने ज़रूर कुछ quotes पढ़े होंगे – ज़िन्दगी एक कठिन race है , ये एक marathon है या कुछ और . नहीं , जो मैंने आज तक देखा है ज़िन्दगी nursery schools में होने वाली उस race की तरह है जिसमे आप चम्मच में रखे मार्बल को अपने मुंह में दबा कर दौड़ते हैं . अगर मार्बल गिर जाये तो दौड़ में first आने का कोई अर्थ नहीं है . ऐसा ही ज़िन्दगी के साथ है जहाँ सेहत और रिश्ते उस मार्बल का प्रतीक हैं . आपका प्रयास तभी सार्थक है जब तक वो आपके जीवन में सामंजस्य लाता है .नहीं तो , आप भले ही सफल हो जायें , लेकिन ये चिंगारी , ये excited और जिंदा होने की feeling धीरे – धीरे मरने लगेगी . …..

Spark को nurture करने के बारे में एक आखिरी चीज —ज़िन्दगी को संजीदगी से ना लें ….don’t take life seriously. मेरे एक योगा teacher class के दौरान students को हंसाते थे . एक student ने पूछा कि क्या इन Jokes कि वजह से योगा practice का समय व्यर्थ नहीं होता ? तब teacher ने कहा – Don’t be serious be sincere. तबसे इस Quote ने मेरा काम define किया है . चाहे वो मेरा लेखन हो , मेरी नौकरी हो , मेरे रिश्ते हों या कोई और लक्ष्य . मुझे अपनी writings पर रोज़ हज़ारों लोगों के opinions मिलते हैं . कहीं खूब प्रशंशा होती है कहीं खूब आलोचना . अगर मैं इन सबको seriously ले लूं , तो लिखूंगा कैसे ? या फिर , जीऊंगा कैसे ?ज़िन्दगी गंभीरता से लेने के लिए नहीं है , हम सब यहाँ temporary हैं .हम सब एक pre-paid card की तरह हैं जिसकी limited validity hai. अगर हम भाग्यशाली हैं तो शयद हम अगले पचास साल और जी लें . और 50 साल यानि सिर्फ 2500 weekends .क्या हमें सच -मुच अपने आप को काम में डुबो देना चाहिए ? कुछ classes bunk करना , कुछ papers में कम score करना , कुछ interviews ना निकाल पाना , काम से छुट्टी लेना , प्यार में पड़ना , spouse से छोटे -मोटे झगडे होना …सब ठीक है …हम सभी इंसान हैं , programmed devices नहीं ….

मैंने आपसे तीन चीजें बतायीं – reasonable goals, balance aur ज़िन्दगी को बहुत seriously नहीं लेना – जो spark को nurture करेंगी . लेकिन ज़िन्दगी में चार बड़े तूफ़ान आपके दिए को बुझाने की कोशिश करेंगे . इनसे बचने बहुत ज़रूरी है . ये हैं निराशा (disappointment),कुंठा ( frustration), अन्याय (unfairness) और जीवन में कोई उद्देश्य ना होना (loneliness of purpose.)

निराशा तब होगी जब आपके प्रयत्न आपको मनचाहा result ना दे पाएं . जब चीजें आपके प्लान के मुताबिक ना हों या जब आप असफल हो जायें . Failure को handle करना बहुत कठिन है , लेकिन जो कर ले जाता है wo और भी मजबूत हो कर निकलता है . इस failure से मुझे क्या सीख मिली ? इस प्रश्न को खुद से पूछना चाहिए . आप बहुत असहाय feel करेंगे , आप सबकुछ छोड़ देना चाहेंगे जैसा कि मैंने चाहा था , जब मेरी पहली book को 9 publishers ने reject कर दिया था . कुछ IITians low-grades की वजह से खुद को ख़तम कर लेते हैं , ये कितनी बड़ी बेवकूफी है ? पर इस बात को समझा जा सकता है कि failure आपको किस हद्द तक hurt कर सकता है .

पर ये ज़िन्दगी है . अगर चुनौतियों से हमेशा पार पाया जा सकता तो , तो चुनौतियाँ चुनौतियाँ नहीं रह जातीं. और याद रखिये — अगर आप किसी चीज में fail हो रहे हैं,तो इसका मतलब आप अपनी सीमा या क्षमता तक पहुँच रहे हैं. और यहीं आप होना चाहते हैं.

Disappointment का भाई है frustration, दूसरा तूफ़ान . क्या आप कभी frustrate हुए हैं? ये तब होता है जब चीजें अटक जाती हैं. यह भारत में विशेष रूप से प्रासंगिक है. ट्राफिक जाम से से लेकर अपने योग्य job पाने तक. कभी-कभी चीजें इतना वक़्त लेती हैं कि आपको पता नहीं चलता की आपने अपने लिए सही लक्ष्य निर्धारित किये हैं.Books लिखने के बाद, मैंने bollywood के लिखने का लक्ष्य बनाया, मुझे लगा उन्हें writers की ज़रुरत है. मुझे लोग बहुत भाग्यशाली मानते हैं पर मुझे अपनी पहली movie release के करीब पहुँचने में पांच साल लग गए.

Frustration excitement को ख़त्म करता है, और आपकी उर्जा को नकारात्मकता में बदल देता है, और आपको कडवा बना देती है.मैं इससे कैसे deal करता हूँ? लगने वाले समय का realistic अनुमान लगा के. . भले ही movie देखने में कम समय लगता हो पर उसे बनाने में काफी समय लगता है, end-result के बजाय उस result तक पहुँचने के प्रोसेस को एन्जॉय करना , मैं कम से कम script-writing तो सीख रहा था , और बतौर एक side-plan मेरे पास अपनी तीसरी किताब लिखने को भी थी और इसके आलावा दोस्त, खाना-पीना, घूमना ये सब कुछ frustration से पार पाने में मदद करती हैं. याद रखिये, किसी भी चीज को seriously नहीं लेना है.Frustration , कहीं ना कहीं एक इशारा है कि आप चीजों को बहुत seriously ले रहे हैं.Frustration excitement को ख़तम करता है , और आपकी energy को negativity में बदल देता है , वो आपको कडवा बना देता है . मैं इससे कैसे deal करता हूँ ?

Unfairness ( अन्याय ) – इससे deal करना सबसे मुश्किल है , लेकिन दुर्भाग्य से अपने देश में ऐसे ही काम होता है . जिनके connections होते हैं , बड़े बाप होते हैं , खूबसूरत चेहरे होते हैं ,वंशावली ( pedigree) होती है , उन्हें सिर्फ Bollywood में ही नहीं बल्कि हर जगह आसानी होती है . और कभी -कभी यह महज luck की बात होती है . India में बहुत कम opportunities हैं , इसलिए कुछ होने के लिए सारे गृह -नक्षत्रों को सही इस्थिति में होना होगा . Short-term में मिलने वाली उपलब्धियां भले ही आपकी merit और hard –work के हिसाब से ना हों पर long-term में ये ज़रूर उस हिसाब से होंगी , अंततः चीजें work-out करती हैं . पर इस बात को समझिये कि कुछ लोग आपसे lucky होंगे .

दरअसल अगर Indian standards के हिसाब से देखा जाये तो आपको College में पढने का अवसर मिलना , और आपके अन्दर इस भाषण को English में समझने की काबिलियत होना आपको काफी lucky बनता है . हमारे पास जो है हमें उसके लिए अहसानमंद होना चाहिए , और जो नहीं है उसे accept करने कि शक्ति होनी चाहिए . मुझे अपने readers से इतना प्यार मिलता है कि दुसरे writers उसके बारे में सोच भी नहीं सकते . पर मुझे साहित्यिक प्रशंशा नहीं मिलती है . मैं Aishwarya Rai की तरह नहीं दीखता हूँ पर मैं समझता हूँ कि मेरे दोनों बेटे उनसे ज्यादा खूबसूरत हैं . It is OK . Unfairness को अपने अन्दर कि चिंगारी को बुझाने मत दीजिये .

और आखिरी चीज जो आपके spark को ख़तम कर सकती है वो है Isolation( अलग होने की स्थिति ) आप जैसे जैसे बड़े होंगे आपको realize होगा कि आप unique हैं . जब आप छोटे होते हैं तो सभी को ice-cream और spiderman अच्छे लगते हैं . जब आप college में जाते हैं तो भी आप बहुत हद तक अपने बाकी दोस्तों की तरह ही होते हैं . लेकिन दस साल बाद आपको पता लगता है कि आप unique हैं . आप जो चाहते हैं , आप जिस चीज में विश्वास राखते हैं , वो आपके सबसे करीबी लोगों से भी अलग हो सकती है . इस वजह से conflict हो सकती है क्योंकि आपके goals दूसरों से match नहीं करते . और आप शायद उनमे से कुछ को drop कर दें . College में Basketball के कप्तान रह चुके , दूसरा बछा होते -होते ये खेल खेलना छोड़ देते हैं . जो चीज उन्हें इतनी पसंद थी वो उसे छोड़ देते हैं . ऐसा वो अपनी family के लिए करते हैं . पर ऐसा करने में Spark ख़तम हो जाता है . कभी भी ऐसा compromise ना करें . पहले खुद को प्यार करें फिर दूसरों को .

मैंने आपको चारों thunderstorms – disappointment, frustration, unfairness and isolation के बारे में बताया . आप इनको avoid नहीं कर सकते , मानसून की तरह ये भी आपके जीवें में बार -बार आते रहेंगे . आपको बस अपना raincoat तैयार रखना है ताकि आपके अन्दर कि चिंगारी बुझने ना पाए .

मैं एक बार फिर आपका आपके जीवन के सबसे अच्छे समय में स्वागत करता हूँ . अगर कोई मुझे समय में वापस जाने का option दे तो निश्चित रूप से मैं college वापस जाना चाहूँगा . मैं ये आशा करता हुनक की दस साल बाद भी , आपकी आँखों में वही चमक होगी जो आज है , कि आप अपने अन्दर की चिंगारी को सिर्फ college में ही नहीं बल्कि अगले 2500 weekends तक ज़िन्दा रखेंगे . और मैं आशा करता हूँ की सिर्फ आप ही नहीं बल्कि पूरा देश इस चिंगारी को ज़िन्दा रखेगा , क्योंकि इतिहास में किसी भी और पल से ज्यादा अब इसकी ज़रुरत है . और ये कहना कितना अच्छा लगेगा कि —मैं Billion Sparks की भूमि से वास्ता रखता हूँ .

Thank You.

Chetan Bhagat

Thursday, December 12, 2013

बालक के अधिकार--- गिजुभाई


बालक के अधिकार--- गिजुभाई


गिजुभाई तो गाँधी जी की तरह बालकों के लिए कहते थे- ''करेंगे या मरेंगे।
गिजुभाई ने अपने बालदर्शन में जो कहा है यही उनके बालदर्शन का सार तत्व है-

''मैं पल-पल में नन्हे बालकों में विराजमान, महान आत्मा के दर्शन करता रहता हूँ। यह दर्शन ही मुझे इस बात के लिए प्रेरित कर रहा है। कि मैं बालकों के अधिकारों की रक्षा करने के लिए जिन्दा रहूँ और इस काम को करते-करते मर मिट जाऊ।

गिजुभाई बालक की स्वतन्त्रता व उसको सम्मान दिलाने के लिए निरन्तर प्रयास करते रहे। उन्होने घर व विधालय दोनों जगह पर बालकों की स्वतंत्रता व सम्मान का हनन होते देखा। इसलिए गिजुभाई ने बालकों के माता-पिता और शिक्षकों का आहवान किया- ''बालक को उचित स्थान दिलाने के लिए आइए, हम कमर कसें, हथियार थामें और युद्ध करें। आइए, बालक के बीच आने वाले अवरोधों को हम हटा दें। बालक के लिए, बलिक, स्वयं अपने लिए आइए, हम इस दुनिया को असिथर कर डालें, व्यथित और अशांत कर दें। बालकों के अधिकारों के निमित्त शिक्षकों और अभिभावकों द्वारा छेड़ा हुआ युद्ध भले ही इतिहास में न लड़ा गया हो, पर हम लड़ेंगे। इस युद्ध में हम जात-पात भुला दें। रंगभेद भुला दें और एकमात्र बालक के लिए, समग्र मानव-जीवन की उम्मीद के लिए; समग्र मनुष्य जीवन की मनुष्यता के परिणाम के लिए विजयी युद्ध करें। यह युद्ध हमारी संकीर्णता, हमारे मताग्रह, हमारे अज्ञान, हमारी गुलामी, हमारे भेदभाव और हमारी नासितकता के विरुद्ध लड़ना है हमें। पहले हमें इनसे मुक्त होना पड़ेगा; तभी बालक के प्रति हमारा युद्ध पूरा होगा; और हमारे जीवन का कर्तव्य भी तभी पूरा होगा। आइए, हम एक होकर अपने इस कार्य की सिद्धि के लिए प्रार्थना करें कि तेजोमय हमें तेज दे, चेतनमय हमें चेतना दे, अनंत विजय हमें विजय
दे।

Saturday, December 7, 2013

घनश्याम काका की शिकायत



घनश्याम काका की शिकायत


घनश्याम काका को,

बहुत शिकायत हैं, अपने बेटे बहू से,

शिकायतों की पूरी लिस्ट है जिसे,

वो हर आये गये से शेयर करते हैं,

जैसे ‘’मेरे पास बैठने का किसी के पास वख़्त नहीं है,

मेरी दवाइयाँ कोई समय पर लाकर नहीं देता,

ठंडा खाना खाना पड़ता है वगैरह वगैरह

बच्चो की पढ़ाई की वजह से टी.वी. भी ज़्यादा नहीं देख सकते

क्या करें मजबूर बुढ़ापा है.. ’’ मुह लटका कर बैठे रहते हैं।



काका, घर मे लैडलाइन या मोबाइल तो आपके पास होगा,

अपने पास वाली कैमिस्ट की दुकान को फोन कर दीजिये

वो दवाइयाँ घर पंहुचा देगा।

टी.वी. कम आवाज़ मे अपने कमरे मे बंद करके देखिये।

बहू सुबह खाना बनाकर चली गई ,

अपना खाना ख़ुद गर्मकर लीजिये माइक्रोवेव मे,

या गैस पर।

घुटनो मे दर्द है फिर भी थोड़ा टहलिये ,

अख़बार और किताबें पढ़िये,

डायरी लिखिये,

उसमे जीवन के दर्द उलट डालिये,

फिर मुस्कुराते रहिये,

अकेलापन कम होगा।



अब चलिये आपको पीछे 10-20 साल पहले ले चलती हूँ।

याद कीजिये

कितनी बार आपने अपने बेटे को जोरू का ग़ुलाम कहा था,

याद कीजिये ,

कितनी बार सर पर पल्लू ठीक से न लेने के लियें,

आपकी पत्नी ने बहू को डाँटा था।

याद कीजिये,

कितनी बार विभिन्न अवसरों पर,

उसके मायके वालों को कोसा गया था।

बहू से तो खून का रिश्ता नहीं था,

काश! आपने इस रिश्ते को पाला पोसा होता।

खैर जो बीत गया सो बीत गया।



ये ‘बाग़बान’ की तरह की कविता और कहानी लिखने वाले,

ख़ुद तारीफ़ पा लेंगे , तालियाँ भी पड़ेंगी,

फेसबुक पर लाइक और कंमैंट भी आयेंगे,

पर आपको कोई फायदा नहीं होगा,

आप पढकर और दुखी हो जायेंगें।

जीवन की गोधूलि वेला मे ख़ुश रहना है तो,

ख़ुद पर तरस खाना छोड़िये, ख़ुश रहिये….

--------
बीनू भटनागर

Wednesday, December 4, 2013

मालवीय जी और हि‍न्‍दी

मालवीय जी और हि‍न्‍दी 
                                              - वि‍श्‍व नाथ त्रि‍पाठी
                 
बहुमुखी प्रतिभा के धनी महामना पंडि‍त मदन मोहन मालवीय का कार्य क्षेत्र बहुत व्‍यापक था। सन् 1861 में प्रयाग में उनका जन्‍म हुआ था। वे एक महान देश भक्‍त, स्‍वतंत्रता सेनानी वि‍धि‍वत्‍ता, संस्‍कृत वाड्.मय और अंग्रेजी के वि‍द्वान, शि‍क्षावि‍द , पत्रकार और प्रखर वक्‍ता थे। उस युग में 25 वर्ष की आयु में उनमें इतनी राष्‍ट्रीय चेतना थी कि‍ उन्‍होंने 1886 में भारतीय राष्‍ट्रीय कांग्रेस के दूसरे अधि‍वेशन में भाग लि‍या और उसे संबोधि‍त कि‍या। वे सन् 1909, 1918, 1932 और 1933 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्‍यक्ष चुने गए। सन् 1931 में उन्‍होंने दूसरे गोलमेज सम्‍मेलन में भारत का प्रतिनिधित्‍व भी कि‍या।
   राष्‍ट्रीय आंदोलन में अपना पूर्ण्‍ योगदान देने के उद्देश्‍य से महामना ने 1909 में वकालत छोड़ दी यदयपि‍ उस समय वे इलाहाबाद उच्‍च न्‍यायालय में पंडित मोती लाल नेहरू और सर सुन्‍दर लाल जैसे प्रथम श्रेणी के वकीलों में गि‍ने जाते थे। लकि‍न दस साल बाद उन्‍होंने चौरा-चौरी कांड के मृत्‍युदण्‍ड के सजायाफ्ता 156 बागी स्‍वतंत्रता सेनानियों की पैरवी की और उनमें से 150 को बरी करा लि‍या।
   यदि‍ कभी कोई इति‍हासकार स्‍वतंत्रता आंदोलन का वास्‍ति‍वक मूल्‍यांकन करेगा तो महामना का योगदान लोकमान्‍य ति‍लक और महात्‍मा गांधी के समकक्ष आंकने को बाध्‍य होगा। लेकि‍न इसे एक वि‍डम्‍बना ही कहना चाहि‍ए कि‍ उस देश में उनका नाम अधि‍कांश लोग केवल ‘बनारस हि‍न्‍दू वि‍श्‍ववि‍दयालय’ के संस्‍थापाक तथा एक महान शि‍क्षावि‍द् के रूप में ही जानते हैं। वास्‍तव में महामना अपने द्वारा कि‍ये गए कार्यों का न तो स्‍वयं प्रचार करते थे और न चाहते थे कि उनके द्वारा किए गए सद्कार्यों का कोई दूसरा भी प्रचार करें। वे सही मायने में एक कर्मयोगी थे। मालवीय जी अपने द्वारा शुरू कि‍ये कार्य को कि‍सी योग्‍य व्‍यक्‍ति‍ को सौंपकर दूसरे नए कार्य में जुट जाते थे। उनके नाम का कहीं उल्‍लेख न हो इस बात पर वह इतना ध्‍यान देते थे कि अपने  बनाए अपने घरों के बाहर भी उन्‍होंने अपना नाम कभी नहीं लि‍खवाया।
     19 वीं शताब्‍दी में नव जागरण और राष्‍ट्रीय चेतना का स्‍फुरण हो रहा था। एक तरफ युवकों में राष्‍ट्रीय चेतना अंकुरि‍त हो रही थी तो दूसरी तरफ मैकाले के जोर देने पर कम्‍पनी सरकार ने 1835 में अंग्रेजी शि‍क्षा प्रचार का प्रस्‍ताव पास कर दि‍या, एतदर्थ देश में यत्र-तत्र अंग्रेजी के स्‍कूल खोले जाने लगे। अब प्रश्‍न उठा अदालती भाषा का और स्‍कूलों में हि‍न्‍दी को एक अनिवार्य वि‍षय के रूप में रखने का। इन दोनों बातों में हि‍न्‍दी का घोर वि‍रोध हुआ। इस वि‍रोध की कहानी भी बहुत रोचक है। मुगलकाल में अदालतों की भाषा फारसी चल आ रही थी। अंग्रेजी-शासन काल में भी प्रारंभ में यही परम्‍परा चलती रही कि‍न्‍तु सर्वसाधारण जनता की फारसी-भाषा और उसकी लि‍पि‍ सम्‍बन्‍धी कठि‍नाइयों को देखकर सन् 1836 में कम्‍पनी सरकार ने आज्ञा जारी की कि‍ सारा अदालती काम देश की प्रचलि‍त भाषाओं में हुआ करे। इसके परि‍णाम स्‍वरूप संयुक्‍त प्राइज़ में हि‍न्‍दी खड़ी बोली को वहां की अदालती भाषा स्‍वीकार कर लि‍या गया। सारा अदालती कार्य हि‍न्‍दी भाषा और लि‍पि‍ में होने लगा। कम्‍पनी सरकार भाषा संबंधी इस नीति‍ पर चि‍रकाल तक न टि‍क सकी। केवल एक साल के पश्‍चात् उत्‍तरी भारत के सब दफ्तरों की भाषा उर्दू  कर दी गई। यह सब मुसलमानों के वि‍रोध के कारण हुआ। इस प्रकार मान-मर्यादा और आजीवि‍का की दृष्‍टि‍ से सबके लि‍ये उर्दू सीखना आवश्‍यक हो गया और देश-भाषा के नाम पर स्‍कूलों में छात्रों को उर्दू पढाई जाने लगी। इस प्रकार हि‍न्‍दी तथा अन्‍य भारतीय भाषाओं के पढ़ने वालों की संख्‍या दि‍न प्रतीदि‍न  कम होने लगे।
हि‍न्‍दी को अदालतों से बाहर नि‍कालने के कार्य में तो मुसलमानों को सफलता मि‍ल चुकी थी, अब वे इसे शि‍क्षा क्षेत्र से बाहर नि‍कालने में प्रयत्‍नशील थे। जब सरकार स्‍कूलों और मदरसों में हि‍न्‍दी के अनि‍वार्य रूप से पढ़ाये जाने के प्रस्‍ताव पर वि‍चार कर रही थीं तब प्रभावशाली मुसलमानों-सर सैय्यद अहमद खां आदि‍ ने उसका उ्ग्र वि‍रोध कि‍या। अन्‍तत: 1884 में सरकार को अपना वि‍चार छोड़ना पडा। सर सैय्यद अहमद खां का अंग्रेजों के बीच बड़ा मान था। वे हि‍न्‍दी को एक ‘गंवारू’ भाषा समझते थे। वे अंग्रेजी को उर्दू की ओर झुकाने की लगातार कोशि‍श करते रहे। इसी समय राजा शि‍व प्रसाद ‘सि‍तारे हि‍न्‍द’ का इस क्षेत्र में आगमन हुआ। वे भी अंग्रेजों के कृपा पात्र थे और हि‍न्‍दी के परम पक्षपाती थे। अंत: हि‍न्‍दी की रक्षा के लि‍ए उन्‍हें खड़ा होना पड़ा। वे इस कार्य में बराबर चेष्‍ठाशील रहे। यह झगड़ा बीसों वर्ष तक ‘भारतेन्‍दु’ हरि‍श्‍चंद्र के समय तक रहा।
इस हि‍न्‍दी-उर्दू संघर्ष में राजा शि‍व प्रसाद ‘सि‍तारे हि‍न्‍द’ के समय में ही राजा लक्ष्‍मण सिंह भी हि‍न्‍दी के संरक्षक बन कर सामने आये। अनेक वि‍घ्‍न-बाधाओं के होने पर भी शि‍व प्रसाद ने हि‍न्‍दी के उद्धार-कार्य में महत्‍वपूर्ण योगदान दि‍या। इन्‍हीं के प्रयत्‍नों से कम्‍पनी सरकार को स्‍कूलों में हि‍न्‍दी शि‍क्षा को स्‍थान देना पडा।
      जि‍स प्रकार दोनों राजाओं के सप्रयत्‍नों से संयुक्‍त प्रान्‍त में हि‍न्‍दी का प्रचार कार्य आरम्‍भ हुआ, उसी प्रकार उनके समसामयि‍क बाबू नवीन चन्‍द्र राय ने पंजाब में समाज सुधार तथा हि‍न्‍दी-प्रचार कार्य आरम्‍भ कि‍या। बंगाल में राजा राममोहन राय वेदान्‍त और उपि‍नषदों का ज्ञान लेकर आगे आये और उन्‍होंने वहां ‘ब्रह्म-समाज’ की स्‍थापना की। उन्‍होंने वेदान्‍त-सूत्र का हि‍न्‍दी में अनुवाद प्रकाशि‍त कराया।
      उधर उत्‍तरी भारत में स्‍वामी दयानन्‍द सरस्‍वती ने वैदि‍क धर्म-प्रचार और ‘आर्य समाज’ की स्‍थापना कर जनता को अपनी ओर आकार्षित कि‍या। उन्‍होंने हि‍न्‍दुस्‍तान को आर्यावर्त तथा हि‍न्‍दी को आर्य भाषा का नाम दि‍या तथा प्रत्‍येक आर्य के लि‍ए आर्यभाषा का पढ़ना आवश्‍यक ठहराया। स्‍वामी दयानन्‍द तथा उनके द्वारा स्‍थापि‍त ‘आर्य समाज’ ने हि‍न्‍दी भाषा के प्रचार में जो महत्‍वपूर्ण कार्य कि‍या, वह चि‍रस्‍मरणीय  है।  
अब देश में इस प्रकार का वातावरण बन रहा था कि‍ संयुक्‍त प्रान्‍त (आज के उत्‍तर प्रदेश और उत्‍तराखंड) के बुद्धि‍जीवि‍यों के लि‍ए यह बर्दाश्‍त करना असंभव होने लगा था कि‍ सुसंस्‍कृत तथा समृद्ध भाषा हि‍न्‍दी के होते हुए भी पराधीन होने के कारण प्रान्‍त की जनता को समस्‍त राजकीय कार्य में विदेशी भाषा फारसी अथवा अंग्रेजी का प्रयोग करना पड़े। अंत: 19 वीं शताब्‍दी के मध्‍य तक आते-आते अनेक स्‍वाभि‍मानी देशभक्‍त बुद्धि‍जीवि‍यों ने इस बात का बीड़ा उठाया कि‍ प्रदेश में वि‍देशी भाषा की जगह ‘नि‍ज भाषा’ के प्रयोग की शासकीय अनुमति‍ मि‍ल जाय। इस कड़ी में अत्‍यन्‍त महातवपूर्ण प्रयास राजा शि‍वप्रसाद द्वारा भी सन् 1868 में कि‍या गया जो उपर्युक्‍त वि‍दशेी लि‍पि‍यों के हि‍मायति‍यों के वि‍रोध के कारण सफल न हो सका।
      राजा शि‍व प्रसाद की भांति‍ बहुतों ने अदालतों में देवनागरी लि‍पि‍ के प्रवेश के लि‍ये जब-तब छि‍टपुट प्रयत्‍न कि‍या लेकि‍न सभी असफल रहे। 1848 में प्रयाग में हि‍न्‍दी उद्धारि‍णी-प्रति‍नि‍धि‍ मध्‍यसभा की स्‍थापना हुई। मालवीय जी ने इसमें जी खोलकर काम कि‍या, व्‍यारव्‍यान दि‍ए, लेख लि‍खे और अपने मि‍त्रों को भी उस काम में भाग लेने के लि‍ए उत्‍प्रेरि‍त कि‍या। उन्‍होंने नए सि‍रे से अदालतों में नागरी के प्रवेश का प्रयन्‍त कि‍या। मालवीय जी ने इस बात पर गम्‍भीरता से वि‍चार कि‍या कि‍ अब तक इस दि‍शा में क्‍यों सफलता नहीं मि‍ली। महामना ने व्‍यवस्थि‍त ढंग से इस काम को हाथ में लि‍या। एक ओर तो उन्‍होंने देवनागरी लि‍पि‍ के पक्ष में हस्‍ताक्षर अभि‍यान की योजना शुरू की दूसरी ओर बहुत सी सामग्री एकत्रि‍त कर ‘कोर्ट कैरेक्‍टर एण्‍ड प्राइमरी एजूकेशन’ नाम की पुस्‍तक लि‍खी। इसमें हि‍न्‍दी का प्रयोग सरकारी कामकाज में क्‍यों कि‍या जाय इसकी प्रचुर सामग्री थी।
      इसी प्रकार आधुनि‍क हि‍न्‍दी के जन्‍मदाता ‘भारतेन्‍दु’ हरिश्‍चंद्र द्वारा काशी में स्‍थापि‍त ‘नागर प्रचारि‍णी सभा’ भी नागरी लि‍पि‍ के प्रचार-प्रसार में लगी थी। कि‍न्‍तु मुचि‍त मार्गदर्शन प्राप्‍त न होने के कारण उसकी स्‍थि‍ति‍ बि‍गड़ रही थी। मालवीय जी ने ‘नागरी प्रचारि‍णी सभा’ की गति‍वि‍धि‍यों में आरंभ से ही अत्‍यधि‍क रूचि‍ ली तथा ‘नागरी प्रचारि‍णी सभा’ को भी हि‍न्‍दी के प्रचार-प्रसार के कार्य में प्रगति‍शील बनाकर उसे एक प्रकार से पुनर्जीवि‍त कर दि‍या।
      जब मालवीय जी नागरी प्रचार आन्‍दोलन के मुखि‍या बने तब हि‍न्‍दी के सबसे बड़े वि‍रोधी सर सैययद अहमद खां का इन्‍ति‍काल हो चुका था, पर मोहसुनुल मुल्‍क ने नागरी के वि‍रूद्ध घनघोर आन्‍दोलन शुरू कर दि‍या। लॉर्ड कर्जन की सरकार भी उनकी ओर झुकी जा रही थी पर मालवीय जी से टक्‍कर लेना भी टेढ़ी खीर थी। दि‍न-रात एक करके अपनी वकालत के सुनहरे दि‍नों में धुन के साथ मालवीय जी ने गहरी छानबीन के साथ नागरी के पक्ष में प्रमाण और आकड़े इकट्ठे कि‍ये। सैकड़ों जगह डेपुटेशन भेजे गए और हि‍न्‍दी भाषा और नागरी लि‍पि‍ की सुन्‍दरता, सहजता और उपयोगि‍ता दि‍खाई गई। मालवीय जी ने वकालत करते हुए भी अपने मित्र पंडि‍त श्रीकृण जोशी के साथ मि‍लकर घोर परि‍श्रम कि‍या। अपने पास से रूपये खर्च करके उपरोक्‍त कोर्ट लि‍पि‍ का इति‍हास, वि‍गत अधि‍कारि‍यों की सम्‍मति‍यां एकत्र करके एक बड़ी सुन्‍दर पुस्‍तक ‘कोर्ट कैरेक्‍टर एण्‍ड प्रायमरी एजुकेशन इन नार्थ वेस्‍टर्न प्रौवि‍न्‍सेज’ लि‍खी। यह अम्‍यर्थना लेख लेकर 2 मार्च सन् 1898 ई. को अयोध्‍या नरेश महराजा प्रताप नारायण सि‍हं मांडा के राजा राम प्रसाद सि‍हं, आवागढ़ के राजा बलवंत, डॉ. सुन्‍दर लाल आदि‍ के साथ मालवीय जी का एक दल गवर्न्‍मेंट हाउस प्रयाग में छोटे लाट साहब सर एन्‍टोनी मेक्‍डॉलेन से मि‍ला। मालवीय जी की मेहनत सफल हो गई। उनकी सब बातें मान ली गईं। अन्‍त में 18 अप्रैल सन् 1900 ई. को सर ए.पी. मैक्‍डॉलेन ने एक वि‍ज्ञप्‍ति‍  (गवर्न्‍मेंन गजट) नि‍काली जि‍ससे अदालतों में तथा शासकीय कार्यों में नागरी को भी स्‍थान मि‍ल गया। लेकि‍न देश के हि‍न्‍दी वि‍रोधी लोगों ने इस पर खूब ऊधम मचाया। इस आदेश के वि‍रोध में जगह-जगह सभाएं की गई। प्रस्‍ताव भेजे गए कि‍ हि‍न्‍दी को इस प्रकार स्‍वीकार न कि‍या जाय। पर मालवीय जी भी अपने अभि‍यान में डटे रहे। हि‍न्‍दी के पक्ष में भी सभाएं हुईं प्रस्‍ताव भेजे गए। अत: लाट साबह तनि‍क भी वि‍चलि‍त न हुए और अन्‍त में बड़े लाट साहब की अनुमति‍ से यह नि‍यम बन गया कि‍ सभी लोग अपनी अर्जी, शि‍कायत की दरखास्‍त चाहे हि‍न्‍दी या फारसी में दे सकते हैं। अदालतों, शासकीय कार्यालयों को निर्देश दे दि‍या गया कि‍ सभी कागजात जैसे सम्‍मन आदि‍, जो सरकार की ओर से जनता के लि‍ए नि‍काले जायेंगे वह दोनों लि‍पि‍यों यानी नागरी और फारसी में लि‍खे अथवा भरे होंगे। सरकार ने इसके साथ ही यह भी ऐलान कर दि‍या कि‍ आगे कि‍सी भी व्‍यक्‍ति‍  को तभी सरकारी नौकरी मि‍ल सकेगी जब वह हि‍न्‍दी भाषा का भी जानकार हो। जो कर्मचारी हि‍न्‍दी नहीं जानते थे उन्‍हें एक साल के भीतर हि‍न्‍दी सीखने को कहा गया अन्‍यथा वे नौकरी से अलग कर दि‍ए जायेंगे। इस प्रकार मालवीय जी के अथक प्रयास से हि‍न्‍दी का प्रवेश संयुक्‍त प्रान्‍त के शासकीय कार्यालयों में हुआ।
      महामना हि‍न्‍दी के प्रति समर्पित थे। वे चाहते थे कि‍ शि‍क्षा का माध्‍यम भी हि‍न्‍दी हो। सन् 1882 ई्. में अंग्रेजों ने एक शि‍क्षा कमीशन बैठाया। इसका मुख्‍य उद्देश्‍य था कि‍ यह नि‍धार्रि‍त हो कि‍ शि‍क्षा का माध्‍यम क्‍या हो और शि‍क्षा कैसे दी जाये? इस आयोग में साक्ष्‍य के लिए महामना पंडित मदनमोहन मालवीय तथा ‘भारतेन्‍दु’ हरि‍श्‍चन्‍द्र चुने गए थे। ‘भारतेन्‍दु’ अस्‍वस्‍थता के कारण आयोग के सम्‍मुख उपस्‍थि‍त  नहीं हो पाये। उन्‍होंने अपना लि‍खि‍त बयान आयोग को भेजा था। परन्‍तु महामना आयोग के सामने उपस्‍थि‍त हुए थे। उन्‍होंने अपने बयान में इस बात पर जोर दि‍या था कि‍ शि‍क्षा समस्‍त क्षेत्रों में दी जाय और वह हि‍न्‍दी भाषा में हो।
      महामना वर्ष 1886 ई. से कांग्रेस से जुडकर देश की राजनीति‍ में आजादी की लड़ाई का हि‍स्‍सा बन चुके थे। तभी से उनका सम्‍पर्क देश के बड़े राजनेताओं से हो गया था। धीरे-धीरे उनको देश के बड़े राजनेता के रूप में जाना जाने लगा। भारतीय राष्‍ट्रीय कांग्रेस के 1909 के अधि‍वेशन के वह अध्‍यक्ष चुने गए। देश के व्‍यापक भ्रमण और गहन जन सर्म्‍पक से उन्‍हें यह स्‍पष्‍ट  दि‍खने लगा कि‍ अनेक भाषाओं के इस देश में भारत के स्‍वतंत्र होने पर कि‍सी एक भाषा को सम्‍पर्क भाषा के लि‍ए राष्‍ट्रभाषा का रूप लेना पड़ेगा। उन्‍होंने देखा कि‍ देश के अधि‍कांश भूभाग में अधि‍क से अधि‍क लोग कि‍सी न कि‍सी प्रकार की हि‍न्‍दी बोलते और समझते थे। जबकि‍ देश की अन्‍य भाषाएं यद्यपि उतनी ही महत्‍वपूर्ण थी पर उनका दायरा सीमि‍त था। वे इतने वि‍शाल जनसमुदाय के द्वारा बोली और समझी नहीं जाती थीं। एक स्‍वतंत्र राष्‍ट्र को जोड़ने के लिए एक राष्‍ट्र भाषा के रूप में मालवीय जी ने हि‍न्‍दी की महत्‍ता को परखा। उन्‍होंने यह भी अनुभव कि‍या कि‍ देश के अहि‍न्‍दी भाषी क्षेत्रों में लोगों को हि‍न्‍दी जानने व समझने का मौका मि‍लना चाहि‍ए। अंत: सन् 1910 ई. में महामना के प्रयासों से काशी में ‘’हि‍न्‍दी साहि‍त्‍य सम्‍मेलन’’ की स्‍थापना हुई। मालवीय जी इसके प्रथम अध्‍यक्ष बने। धीरे-धीरे पूरे देश में ‘हि‍न्‍दी साहि‍त्‍य सम्‍मेलन’ की शाखाएं खोली गईं। इसके माध्‍यम से देश के अहि‍न्‍दी भाषी क्षेत्र के लोगों को हि‍न्‍दी पढ़ने व सीखने का अवसर मि‍ला। अपने स्‍वभाव के अनुरूप मालवीय जी ने हि‍न्‍दी साहि‍त्‍य सम्‍मेलन की स्‍थापना करने के बाद इसे आगे चलाने के लि‍ए बाबू पुरूषोत्‍तम दास टण्‍डन को सौंप दि‍या।
सन् 1918 में इन्‍दौर में हुए हि‍न्‍दी साहि‍त्‍य सम्‍मेलन के अधि‍वेशन में महात्‍मा गांधी इसके अध्‍यक्ष बने। उनके नेतृत्‍व में हि‍न्‍दी के प्रचार का एक नया अध्‍याय शुरू  हुआ। उन्‍होंने दक्षि‍ण भारत में राष्‍ट्रभाषा हि‍न्‍दी-प्रचार का काम प्रारम्‍भ कि‍या। 1935 में दूसरी बार इन्‍दौर में हुए सम्‍मेलन के अधि‍वेशन को सम्‍बोधित करते हुए महात्‍मा गांधी ने अपने अध्‍यक्षीय भाषण में कहा कि‍ ‘’मेरा क्षेत्र दक्षि‍ण में हि‍न्‍दी-प्रचार है। सन् 1918 में जब आपका अधि‍वेशन यहां हुआ था तब से दक्षि‍ण में हि‍न्‍दी-प्रचार के कार्य का आरम्‍भ हुआ है।’’ महात्मा गांधी ने मालवीय जी के हि‍न्‍दी-प्रचार की प्रशंसा करते हुए कहा था ‘’सबसे पहला अधि‍वेशन सन् 1910 में हुआ था। उसके सभापति‍ मालवीय जी महाराज ही थे। उनसे बढ़ कर हि‍न्‍दी-प्रेमी भारत वर्ष में हमें कहीं नहीं मि‍लेगा। कैसा अच्‍छा होता यदि‍ वह आज भी इस पद पर होते। उनका हि‍न्‍दी प्रचार-क्षेत्र भारतव्‍यापी है; उनका हि‍न्‍दी का ज्ञान उत्‍कृष्‍ट है।’’
महात्‍मा गांधी मालवीय जी का बड़ा सम्‍मान करते थे। वे मालवीय जी के राष्‍ट्रभाषा हि‍न्‍दी सम्‍बन्‍धी वि‍चारों से पूर्णत: सहमत थे। महात्‍मा गांधी कहते थे कि‍ ‘’यह भाषा का वि‍षय बड़ा भारी और बड़ा महत्‍वपूर्ण है।’’
   अन्‍तत: हि‍न्‍दी के महत्‍व को सभी ने समझा। कालान्‍तर में कांग्रेस के अधि‍वेशन में हि‍न्‍दी को ही राष्‍ट्रभाषा बनाने के प्रस्‍ताव को स्‍वीकृति‍ प्राप्‍त हुई। स्‍वतंत्रता प्राप्‍ति‍ के बाद 14 सि‍तम्‍बर 1949 के दि‍न हि‍न्‍दी को भारत की राजभाषा के रूप में स्‍वीकृत कि‍या गया। भारतीय संवि‍धान में राजभाषा हि‍न्‍दी के प्रबन्‍ध में अनुच्‍छेद 343 (1) के अनुसार संघ की राजभाषा हि‍न्‍दी और लि‍पि‍ देवनागरी होगी।
      आज इस देश के लोगों को शायद इस बात का अहसास भी न होगा कि‍ भारत में हि‍न्‍दी को वि‍श्‍ववि‍दयालयों में एक वि‍षय के रूप में कोई भी मान्‍यता प्राप्‍त नहीं थी। मालवीय जी ने बनारस हि‍न्‍दू वि‍श्‍ववि‍दयालय में हि‍न्‍दी को सर्वप्रथम एक वि‍षय के रूप में मान्‍यता दी। आज  हि‍न्‍दी में पढ़ाई सारे वि‍श्‍ववि‍दयालयों में प्रचलि‍त है। हि‍न्‍दी साहि‍त्‍य के पुरोधा आचार्य रामचन्‍द्र शुक्‍ल, पं; अयोध्‍या सि‍हं उपाध्‍याय ‘हरि‍औध’, आचार्य हजारी प्रसाद द्वि‍वेदी आदि‍ इसी वि‍श्‍ववि‍दयालय के हि‍न्‍दी वि‍भाग के रत्‍न थे। मालवीय जी को हि‍न्‍दी के अखबारों का जनक कहना भी अति‍शयोक्‍ति‍ न होगी। कालाकॉकर (प्रतापगढ़) से ‘हि‍न्‍दुस्‍तान’ का संपादन करने के बाद उन्‍होंने प्रयाग से वर्ष 1907 में प्रकाशि‍त ‘अभ्‍युदय’ और उसके बाद ‘मर्यादा’ का संपादन कि‍या। इन समाचार पत्रों और इनके संपादकीय को जो सफलता और लोकप्रि‍यता मि‍ली वह अन्‍य समाचार पत्रों के लि‍ये मार्गदर्शक बनी।

--------वि‍श्‍व नाथ त्रि‍पाठी
     बी-47 कौशाम्‍बी, गाजि‍याबाद-201010